नवा रायपुर में गोल्फ का बड़ा आयोजन, देश-दुनिया के 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ तेजी से देश के उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और गोल्फ में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री कपिल देव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नवा रायपुर ओपन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों का प्रभाव केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे प्रदेश की राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को देश-विदेश के खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से परिचित होने का न्योता भी दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से बस्तर और सरगुजा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने चित्रकोट जलप्रपात सहित प्रदेश के प्राकृतिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ खेल के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं प्रस्तुत कर रहा है।
हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव
पीजीटीआई अध्यक्ष श्री कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में इस प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष किया जाए और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से निर्धारित हों, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और आने वाले समय में प्रदेश दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।
पीजीटीआई के सीईओ श्री अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिलने वाले आतिथ्य, गोल्फ कोर्स और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पर्यटन और अन्य खेलों के साथ-साथ एक उभरते हुए गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान बना रहा है।


