छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक जीता। टीम की इस सफलता में रायगढ़ के महलोई क्षेत्र की सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर रायगढ़ लौटने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि भारतीय महिला टीम ने टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और जुझारू प्रदर्शन किया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों ने बताया कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन से लगातार प्रोत्साहन एवं सहयोग मिला। सोनम, शांति और मानसी की यह उपलब्धि जिले की अन्य खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है।
तीनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर छत्तीसगढ़ की बेटियां वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। खिलाड़ियों और कोच ने इस उपलब्धि के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


