NMIMS के नवा रायपुर कैंपस की राह साफ, 40 एकड़ में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का संस्थान, 10 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

40 एकड़ में विकसित होगा अत्याधुनिक कैंपस

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि पर NMIMS का आधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद आज लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

दो से तीन वर्षों में शुरू होगा पहला बैच

NMIMS की स्थापना की संपूर्ण प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले ही मिलने लगेगा। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य है। संस्थान के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां लगभग 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

युवाओं को मिलेंगे राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के अवसर

NMIMS के आने से छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रबंधन, कौशल विकास और आधुनिक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के नए अवसर खुलेंगे। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ आ सकेंगे।

रोजगार, कौशल और उद्यमिता को मिलेगी गति

संस्थान की स्थापना का प्रभाव केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा। इसके माध्यम से कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित होंगे। विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय से उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।

नवा रायपुर बनेगा एजुकेशन और नॉलेज हब

राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी वाले शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस प्रयास को नई गति मिलेगी। विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के आने से नवा रायपुर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक वातावरण का विस्तार होगा।

लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के साथ छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। आने वाले वर्षों में NMIMS प्रदेश के हजारों युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा, कौशल और ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।https://pratikshacg.com/

More Topics

FDA की बड़ी कार्रवाई: Lays समेत ब्रांडेड एक्सपायर्ड फूड की रीपैकेजिंग का खुलासा

FDA की बड़ी कार्रवाई: Lays समेत ब्रांडेड एक्सपायर्ड फूड...

इसे भी पढ़े