ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओलिय दराजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया गया। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान समारोह के बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर गर्मजोशी का प्रदर्शन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान को भारत के 140 करोड़ नागरिकों और भारत-उज्बेकिस्तान की सदियों पुरानी दोस्ती को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है, लेकिन इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है।
भारत-उज्बेकिस्तान संबंधों को नई ऊंचाई
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के रिश्ते अब ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के नेतृत्व और भारत के प्रति उनकी मित्रता की सराहना करते हुए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान मिलकर ग्लोबल साउथ की एकजुट आवाज को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। दोनों देश ग्लोबल साउथ के लोगों के कल्याण और मानवता के हित में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और प्रधानमंत्री मोदी के बीच दिखाई दी गर्मजोशी दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों की झलक पेश करती नजर आई।


