रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तोमर ब्रदर्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन ने इनकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बड़ा अपडेट दिया है।
जल्द होगी कार्रवाई
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि तोमर ब्रदर्स की संपत्ति कुर्क करने के लिए प्रशासन के पास आवश्यक दस्तावेज और कागज तैयार हैं। बहुत जल्द इस पर कार्रवाई की जाएगी।
फरार हैं दोनों भाई
वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पिछले दो महीने से फरार चल रहे हैं। प्रशासन ने दोनों को नोटिस भी जारी किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए तोमर ब्रदर्स ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है।
हाईकोर्ट में सुनवाई
19 अगस्त को बिलासपुर हाईकोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई। तोमर ब्रदर्स की तरफ से वकील ने अपना पक्ष रखा, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक जवाब पेश नहीं किया गया है। इस पर कोर्ट ने एसपी को वैध दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज आने के बाद ही आगे सुनवाई होगी।


