“खाद्य मंत्री श्री बघेल ने महासमुंद जिले के 21 हजार से अधिक हितग्राहियों को प्रदान किए पीएम आवास की स्वीकृति पत्र”

महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने आज पटेवा में आयोजित जिला स्तरीय प्रधानमंत्री आवास मेला कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 21 हजार से अधिक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही, नए आवासों का प्रतीकात्मक भूमिपूजन भी किया और आवास पूर्ण कर चुके हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए चाबी सौंपकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मंत्री बघेल ने कहा, “गरीबों के पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद श्री साय ने प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए पक्के मकान की स्वीकृति प्रदान की। इससे राज्य के हजारों आवासहीन परिवारों को स्थायी घर मिल रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार की यह पहल गरीबों की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण है और इसका लाभ सीधे जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार में महिलाओं को परिवार और समाज में एक नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि उनके खातों में हस्तांतरित की जा रही है। इसके अलावा, किसानों के दो वर्ष का बकाया धान बोनस राशि प्रदान करने और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपये की दर से खरीदने की भी बात कही।

खाद्य मंत्री श्री बघेल ने पीएम आवास योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच श्रीमती जमुना सिन्हा सहित अन्य सचिवों और रोजगार सहायकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, सनम जांगड़े, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

More Topics

Personality : Pooja Khandelwal ...

POORAB TIMES. For Pooja Khandelwal, dance has always been...

इसे भी पढ़े