117 वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव परंपरा में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, गोल बाजार में की पूजा-अर्चना

गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रात्रि में गोल बाजार पहुंचकर श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान गणेश को मुकुट पहनाकर तिलक लगाया और मंत्रोच्चार के बीच आरती की। उन्होंने भगवान गणेश से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, प्रदेश की प्रगति और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव हमारी आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध परंपरा का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े और हर घर में सुख-शांति एवं खुशहाली बनी रहे, यही उनकी कामना है।

मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से निरंतर चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष उपलब्धि है। ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।

गौरतलब है कि गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां स्थापित गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के कारण रायपुर में श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है।

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों एवं गणपति बप्पा के जयकारों के बीच फूल-मालाओं और गजमाला से उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

भगवान गणेश के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, श्री श्रीचंद सुंदरानी, श्री केदार गुप्ता, श्री छगन मूंदड़ा, श्री अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

More Topics

इसे भी पढ़े