पतले क्रस्ट वाला, चीज़ से भरपूर इटैलियन पिज्जा अगर घर पर बनाये, सिर्फ कुछ आसान स्टेप्स और सही तकनीक अपनाकर यह बेहद सिंपल है. एक बार यह रेसिपी ट्राई कर ली तो घर के बच्चे हों या बड़े, हर कोई उंगलियां चाटता रह जाएगा.
पिज्जा स्टोन का यह ट्रिक देता है परफेक्ट कुरकुरापन
इटैलियन स्टाइल पिज्जा की पहचान है इसका पतला और कुरकुरा क्रस्ट और इसका राज छिपा है पिज्जा स्टोन में. सबसे पहले सिरेमिक पिज्जा स्टोन को ओवन में रखकर बेहद तेज आंच पर करीब 550 डिग्री फारेनहाइट पर प्रीहीट किया जाता है. पिज्जा स्टोन गर्मी को समान रूप से फैलाता है, जिससे बाहर से क्रस्ट कुरकुरा और अंदर से नरम बनता है.
आटे को चिपकने से बचाने का देसी जुगाड़
पिज्जा का आटा चाहे घर पर बनाया हो या बाजार से खरीदा हो, दोनों ही तरीकों से बढ़िया पिज्जा बनता है. आटे को 12-14 इंच के गोले में बेलकर लकड़ी के पैडल पर रखा जाता है, जिस पर पहले थोड़ा कॉर्नमील छिड़का जाता है ताकि आटा चिपके नहीं. आटे को पैडल पर जल्दी-जल्दी आगे-पीछे खींचना जरूरी है, इससे यह पक्का हो जाता है कि पिज्जा को गरम स्टोन पर आसानी से सरकाया जा सके.
टॉपिंग लगाने का सही तरीका बदल देता है स्वाद
चम्मच के पिछले हिस्से से आटे पर हल्का जैतून का तेल फैलाया जाता है, किनारों पर करीब एक से डेढ़ इंच जगह बिना तेल के छोड़ दी जाती है. इसी तरह टमाटर की चटनी भी फैलाई जाती है. हर टॉपिंग लगाने के बाद पैडल को हल्का हिलाना जरूरी है, ताकि आटा नीचे से चिपके नहीं. इसके बाद कद्दूकस किया मोज़ेरेला चीज़ और अपनी पसंद की टॉपिंग डाली जाती है.
सॉसेज बनाता है असली इटैलियन टच
पारंपरिक इटैलियन पिज्जा में मीठे सॉसेज लिंक्स की खास भूमिका होती है. इन्हें पहले पैन में मध्यम आंच पर हल्का भूरा होने तक आधा पकाया जाता है, फिर काटकर पिज्जा पर डाला जाता है, बाकी यह पिज्जा के साथ ओवन में ही पूरी तरह पक जाता है. तैयार पिज्जा को गरम स्टोन पर सरकाकर 10-12 मिनट तक बेक किया जाता है, जब तक चीज़ में बुलबुले न आ जाएं और क्रस्ट सुनहरा भूरा न हो जाए. बीच में एक बार पिज्जा को पलटना भी जरूरी है, ताकि हर तरफ बराबर पके.
आखिरी टच से बढ़ता है स्वाद
ओवन से निकालने के बाद ऊपर से थोड़ा पार्मेज़ान चीज़ छिड़का जाता है, जो पिज्जा के स्वाद को और गहरा बना देता है. इसके बाद पिज्जा कटर से काटकर गरमागरम सर्व करें. यह आसान तरीका अपनाकर घर पर ही बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा इटैलियन पिज्जा बनाया जा सकता है.


