दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों के संगठन G7 की बैठकें अक्सर गंभीर वैश्विक मुद्दों, आर्थिक नीतियों और कूटनीतिक बयानों के लिए जानी जाती हैं। लेकिन फ्रांस में आयोजित हो रही G7 समिट के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने सुर्खियां बटोर लीं। दरअसल, औपचारिक भाषणों और बंद कमरों की बैठकों से इतर, वहां चालू रह गए ‘हॉट माइक्रोफोन’ (Hot Mic) ने वैश्विक नेताओं के ऐसे अनौपचारिक और मजेदार पलों को रिकॉर्ड कर लिया, जो आमतौर पर आधिकारिक बयानों में कभी सामने नहीं आते।
नेताओं के बीच सिगरेट छोड़ने की खुशी, फुटबॉल का रोमांच, खोई हुई घड़ी पर चुटकी और इंस्टाग्राम की लोकप्रियता जैसे कई दिलचस्प वाक्ये इन चालू माइक्रोफोन्स में दर्ज हो गए। आइए जानते हैं कूटनीति के मंच से सामने आए कुछ सबसे चर्चित अनौपचारिक किस्से:
जियोर्जिया मेलोनी ने छोड़ी स्मोकिंग, नेताओं ने दी बधाई
समिट के सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाले पलों में से एक इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से जुड़ा था। जब सभी नेता अगले दिन के वर्किंग एजेंडे की तैयारी कर रहे थे, तभी जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने सहजता से मेलोनी से पूछ लिया कि क्या उन्होंने आज सुबह सिगरेट पी है?
मेलोनी के जवाब ने सबको चौंका दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने “1 मई के बाद से” एक भी सिगरेट नहीं पी है। यह सुनते ही मेज के चारों ओर बैठे कनाडाई पीएम मार्क कार्नी, ब्रिटिश पीएम कीर स्टारमर, जापानी पीएम सनाए तकाइची और यूरोपीय संघ (EU) के अधिकारियों ने तालियां बजाकर उन्हें बधाई दी। इसी बीच कनाडा के पीएम कार्नी ने हंसते हुए मेलोनी से पूछा, “क्या आपने निकोटीन पैच लगा रखा है?” और अपने हाथ की तरफ इशारा किया, जिस पर वहां मौजूद सभी नेता ठहाके मारकर हंस पड़े


