कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को आरोप लगाया है कि सोमवार को जयपुर में उन पर हुए हमले के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कुछ लोग शामिल थे। नागपुर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि यह हमला नेशनल
एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) पेपर लीक जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज को दबाने की एक सोची-समझी कोशिश है। अभिजीत दीपके मंगलवार सुबह नागपुर पहुंचे, जहां सीजेपी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘संविधान चौक’ पर एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया है। इससे पहले जयपुर में सोमवार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दो लोगों ने दीपके के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
इस घटना के सिलसिले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। यह पूछे जाने पर कि वह इस हमले के लिए किसे जिम्मेदार मानते हैं, दीपके ने आरोप लगाया, ‘‘वहां आरएसएस के कुछ लोग थे और इसमें कोई नयी बात नहीं है।’’ उन्होंने दावा किया कि जब भी कोई सरकार या उसकी विचारधारा के खिलाफ बोलता है तो इस तरह की घटनाएं होती हैं। आरएसएस से संबंध होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दावों के बारे में पूछे जाने पर दीपके ने कहा, ‘‘तो क्या इसीलिए उन्होंने कल मुझ पर हमला किया?’’ उन्होंने दोहराया कि उन पर हमला असली मुद्दे से ध्यान भटकाने और छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास था।


