राजधानी दिल्ली का ऐतिहासिक जंतर-मंतर आज एक बेहद अनोखे और डिजिटल आंदोलन का गवाह बनने जा रहा है। सोशल मीडिया पर चर्चित डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले आज एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इस व्यंग्यात्मक और अनूठे आंदोलन के संस्थापक अभिजीत दिपके आज सुबह करीब 7:30 बजे अमेरिका से सीधे दिल्ली पहुंचे हैं।
दिल्ली आते ही उन्होंने अपने समर्थकों (जिन्हें वे प्यार से ‘कॉकरोच’ कहते हैं) से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा: “सभी कॉकरोच सीधे जंतर-मंतर आएं, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन न जाएं। हम सुबह 10 बजे अपना शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।”
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, हाथ में संविधान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आधिकारिक हैंडल से एक तस्वीर शेयर की गई है, जिसमें संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके और प्रवक्ता आशुतोष रंका दिल्ली पहुंचने के बाद नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में दिपके के हाथ में समाज सुधारक डॉ. बी.आर. अंबेडकर की आत्मकथा की एक प्रति देखी जा सकती है।
CJP ने अपने पोस्ट में साफ किया है कि यह विरोध प्रदर्शन केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है। पार्टी ने नारा दिया है—”भारत के संविधान के पूरे समर्थन के साथ, कॉकरोच सुबह 10 बजे से जंतर-मंतर पर जुटेंगे। कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं।”


