राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने की विशिष्ट उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर उनके नेतृत्व में जनता द्वारा जताए गए अटूट विश्वास और भरोसे का प्रमाण है।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आपका कार्यकाल शासन, आर्थिक मजबूती और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी उपलब्धियों से चिह्नित रहा है।’’
मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के लगातार कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।
मुर्मू ने कहा, ‘‘राष्ट्र के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने के इस अद्वितीय सम्मान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हार्दिक बधाई। यह ऐतिहासिक अवसर भारत की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में व्यक्त किए गए स्थायी विश्वास और भरोसे का प्रमाण है।’’


