इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को बताया कि हाल ही में उनका प्रोस्टेट कैंसर के शुरुआती चरण का इलाज हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने सालाना मेडिकल रिकॉर्ड जारी करने में दो महीने की देरी इसलिए की, ताकि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के दौरान ईरान उन बातों को न फैला सके, जिन्हें उन्होंने ‘झूठा नैरेटिव’ बताया।
एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सेहत अब बहुत अच्छी है और प्रोस्टेट से जुड़ी एक छोटी-सी समस्या पूरी तरह से ठीक हो गई है। नेतान्याहू के अनुसार, एक साल से भी ज़्यादा समय पहले बढ़े हुए बिनाइन प्रोस्टेट की सफल सर्जरी करवाने के बाद से वे लगातार मेडिकल देखरेख में थे।
हाल ही में हुए एक चेकअप के दौरान, डॉक्टरों ने एक बहुत छोटा सा धब्बा देखा, जिसका आकार एक सेंटीमीटर से भी कम था। आगे की जाँचों में पता चला कि यह बहुत ही शुरुआती स्टेज का मैलिग्नेंट ट्यूमर था, जो न तो फैला था और न ही उसमें मेटास्टेसिस के कोई लक्षण दिखे थे।
डॉक्टरों ने विकल्प दिए, नेतन्याहू ने इलाज चुना
मेडिकल विशेषज्ञों ने उन्हें बताया कि उनकी उम्र के पुरुषों में यह समस्या काफी आम है। उनके सामने दो विकल्प रखे गए। पहला विकल्प था ट्यूमर का इलाज न करवाना और नियमित निगरानी रखना, क्योंकि बहुत से लोग बिना किसी दखल के ऐसी समस्याओं को संभाल लेते हैं। दूसरा विकल्प था, इस समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए खास इलाज करवाना।
इजरायली नेता ने कहा कि उन्होंने इलाज का विकल्प चुना ताकि यह पक्का हो सके कि ट्यूमर पूरी तरह से निकल जाए। आभार जताते हुए, उन्होंने यरुशलम के हदासाह अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को उनकी देखभाल के लिए धन्यवाद दिया।


