चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बीच बुधवार को पश्चिम एशिया में शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया और कहा कि स्थिति एक नाजुक मोड़ पर पहुंच गई है। चिनफिंग ने यहां अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के साथ बातचीत की।
‘पीपुल्स ग्रेट हॉल’ में पुतिन का स्वागत करते हुए शी चिनफिंग ने कहा कि खाड़ी और पूरे पश्चिम एशिया में लड़ाई को रोकना होगा और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बातचीत जारी रहनी चाहिए। चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि संघर्ष का शीघ्र अंत ऊर्जा आपूर्ति, औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार व्यवस्था में होने वाली बाधाओं को कम करने में सहायक होगा।
शी चिनफिंग और पुतिन के बीच वार्ता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 14-15 मई को चीन यात्रा के कुछ दिनों बाद हुई, जिसमें उन्होंने ईरान-इजराइल संघर्ष, होर्मुज जलडमरूमध्य और द्विपक्षीय व्यापारिक तनावों पर चीनी नेता के साथ व्यापक चर्चा की थी। इस बैठक पर करीब से नजर रखी जा रही है, क्योंकि चीन और रूस दोनों ही ईरान के प्रमुख रणनीतिक साझेदार हैं और उनके ईरान के साथ घनिष्ठ आर्थिक और सैन्य संबंध हैं और वे होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के ईरान के कड़े रुख को प्रभावित कर सकते हैं, जिसने एक बड़ा वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है।
शी चिनफिंग ने अंतरराष्ट्रीय स्थिति को ‘‘अस्थिर और उथल-पुथल भरी’’ बताया और ट्रंप की नीतियों की परोक्ष रूप से आलोचना करते हुए कहा कि ‘‘एकपक्षवाद और वर्चस्ववाद फिर से उभर रहे हैं।’’


