मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत को बेहतर इलाज की उम्मीद मिली है। सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शशिकांत से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शशिकांत को 9 सितंबर की शाम AIIMS रायपुर में भर्ती कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। मुख्यमंत्री ने उनके इलाज के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।
2016 के सड़क हादसे के बाद बिगड़ी थी हालत
शशिकांत वर्ष 2016 में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। सर्वाइकल में गंभीर समस्या के कारण उनके हाथ-पैरों की कार्यक्षमता प्रभावित हुई। लंबे समय तक अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री का फोन बना परिवार के लिए संबल
मुख्यमंत्री से बातचीत और तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलने के बाद शशिकांत ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर हाल-चाल पूछना, एम्स में उपचार की व्यवस्था कराना और 4 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करना उनके और परिवार के लिए बड़ा संबल है।


