धमतरी जिले की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से बरदिहा रिसोर्ट में ‘मॉनसून क्रिएटर मीट-अप 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर के डिजिटल इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए।
कार्यक्रम में धमतरी के पर्यटन स्थलों, लोक-संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवन को सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल मीडिया के दौर में रचनात्मक और जिम्मेदार कंटेंट के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं और अनदेखे पर्यटन स्थलों को कम समय में वैश्विक पहचान दिलाई जा सकती है।
उन्होंने गंगरेल बांध, पहाड़ियों, वनों, आदिवासी संस्कृति और ‘फूड, फेथ एंड कल्चर’ को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रस्तुत करने की आवश्यकता बताई।
क्रिएटर्स को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कुरुद में समर्पित ‘यूट्यूब रूम’ तैयार किया जा रहा है। धमतरी में भी ऐसी डिजिटल सुविधा विकसित करने की योजना है। इससे युवाओं को वीडियोग्राफी, एडिटिंग और डिजिटल कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।
अधिकारियों के अनुसार पर्यटन के विस्तार से होम-स्टे, स्थानीय परिवहन, गाइड, हस्तशिल्प, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मीट-अप के दौरान क्रिएटर्स ने पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रील्स, शॉर्ट्स और ट्रैवल कंटेंट के माध्यम से डिजिटल स्टोरीटेलिंग के अनुभव साझा किए। समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


