उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बीजापुर में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के साथ गुणवत्ता और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने सड़कों, पुलों, शासकीय भवनों और अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति जानी। फुंडरी में निर्माणाधीन पुल का शेष कार्य जल्द पूरा करने तथा बेदरे और बासागुड़ा सहित अन्य पुल-पुलियों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
‘हर घर जल’ योजना की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने पात्र परिवारों तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यों में धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तेजी से काम करने और लापरवाही से बचने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में राजस्व संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पीएम स्वनिधि और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि बीजापुर में सकारात्मक और भयमुक्त वातावरण का लाभ बच्चों एवं युवाओं को खेलों से जोड़ने में लिया जाना चाहिए। उन्होंने गांव-गांव खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बच्चों को प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में गति के साथ गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाएं।


