रायपुर, नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। लापता लोगों में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर की रहने वाली डॉ. मीना गुप्ता भी शामिल हैं। डॉ. मीना गुप्ता ब्रिटेन में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने डॉ. मीना गुप्ता की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में उनका परिवार अकेला नहीं है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से संपर्क
मंत्री अग्रवाल ने बताया कि डॉ. मीना गुप्ता की स्थिति और सुरक्षित वापसी के संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास तथा संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में तत्काल विदेश मंत्रालय से भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।
विदेश मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी डॉ. मीना गुप्ता के पिता कर्ताराम गुप्ता को उपलब्ध कराई गई है, ताकि उनकी बेटी से संबंधित जरूरी जानकारी मंत्रालय तक पहुंचाई जा सके और तलाश एवं सुरक्षित वापसी के प्रयासों में मदद मिल सके।
पीड़ित परिवारों के प्रति जताई संवेदना
मंत्री ने नेपाल की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि लापता परिजनों को लेकर परिवारों की चिंता और व्याकुलता को समझा जा सकता है। प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों से लापता भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि डॉ. मीना गुप्ता सहित बाढ़ में फंसे सभी लोग सकुशल हों और जल्द अपने परिवारों के बीच लौटें। मंत्री ने उम्मीद जताई कि राहत एवं बचाव कार्यों के साथ लापता लोगों की तलाश में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।


