दुर्ग जिले में सरकारी राशन वितरण प्रणाली में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शासकीय उचित मूल्य दुकान के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के बीच बड़ा अंतर पाया गया, जिससे 1007 क्विंटल सरकारी चावल की हेराफेरी की आशंका जताई जा रही है।
मामला भिलाई नगर के सेक्टर-7 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का है। खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दुकान अध्यक्ष धनंजय सिंह राजपूत के खिलाफ कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार रिकॉर्ड और स्टॉक में भारी गड़बड़ी मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है।
खाद्य विभाग का कहना है कि जांच जारी है और हेराफेरी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। मामले में लाखों रुपये के सरकारी राशन के गबन की आशंका जताई जा रही है।


