संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के स्पेस स्टार्टअप ‘स्काईरूट एयरोस्पेस’ के सफल रॉकेट लॉन्च की सराहना करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से तीखा तंज कसा।
कंपनी की युवा टीम की पीठ थपथपाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष में तिरंगा फहराने वाले इन इनोवेटर्स की औसत उम्र महज 28 साल है, “न कि किसी 56 साल के युवा की।” पीएम मोदी के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में सीधे तौर पर राहुल गांधी की ओर किया गया इशारा माना जा रहा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने विज्ञान, इनोवेशन और स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की छलांग और युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया। स्काईरूट एयरोस्पेस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में एक नए स्वर्णिम सफर का आगाज किया है।
मुझे यह जानकर बेहद खुशी हुई कि इस ‘स्काईरूट’ स्टार्टअप में काम करने वाली पूरी टीम की औसत उम्र सिर्फ 28 साल है। यह कारनामा देश के असली युवाओं ने कर दिखाया है… मैं किसी 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा हूं।”
यह टिप्पणी उन्होंने संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान की। इस दौरान उन्होंने विज्ञान, इनोवेशन और स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती कामयाबियों की तारीफ़ की और देश के भविष्य को आकार देने में युवाओं की भूमिका पर ज़ोर दिया।


