श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में डायरेक्टर पद पर काम करते हुए इंस्टीट्यूट की छात्राओं के साथ गंदी हरकतें करने के आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती को लेकर कई हैरान करने वाली बातें सामने आ रही हैं। 17 छात्राओं की ओर से लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप के बाद अब संस्थान के एक पूर्व छात्र ने चैतन्यानंद उर्फ पार्थ सारथी को लेकर कई नए दावे किए हैं। उसने बताया है कि कैसे चैतन्यानंद नए सत्र के शुरू होते ही अपने लिए लड़कियां चुनता था और फिर धमकी लालच के सहारे उन्हें शिकार बनाता था।
एक पूर्व छात्र ने बताया कि आरोपी लड़कियों को मुफ्त में विदेश ले जाने के साथ कार, लैपटॉप और आईफोन आदि देने का लालच देता था। वसंत कुंज स्थित इस मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के पूर्व छात्र के मुताबिक, एडमिशन के साथ ही चैतन्यानंद लड़कियों को चुनने और उन्हें अपने कमरे तक लाने की कोशिशों में जुट जाता था।
गोपनीय पहचान के साथ छात्र ने कहा, ‘जैसे ही नई छात्राओं का एडमिशन होता था, ‘सलेक्शन’ की प्रक्रिया शुरू हो जाती थी। पहले लड़कियों को चुना जाता था, फिर उनसे संपर्क किया जाता था और बेहतर सुविधाओं का लालच दिया जाता था। इसमें अच्छे अंक, विदेश में इंटर्नशिप और अच्छे प्लेसमेंट जैसी बातें होतीं। ऑफर स्वीकार करने वाली लड़कियों के लिए रास्ता आसान किया जाता था तो ठुकराने वाली लड़कियों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं।’


