पूर्व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) अधिकारी समीर वानखेड़े ने आर्यन खान ड्रग्स मामले से जुड़े वेब सीरीज ‘द बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड’ में अपने चित्रण को लेकर नेटफ्लिक्स, शाहरुख खान और सीरीज के निर्माताओं के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर किया है। वानखेड़े ने शाहरुख खान, उनकी पत्नी गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और अन्य पक्षों से 2 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है, जिसे वे कैंसर पीड़ितों के इलाज के लिए टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को दान करने की बात कह रहे हैं।
खेड़े के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय में मानहानि का केस दर्ज किया है। इसमें शाहरुख खान और गौरी खान की स्वामित्व वाली रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य के खिलाफ स्थाई और अनिवार्य निषेधाज्ञा, घोषणात्मक राहत और हर्जाने की मांग की गई है। यह मुकदमा रेड चिलीज द्वारा निर्मित और नेटफ्लिक्स पर ‘द बैड बॉयज ऑफ बॉलीवुड’ नामक टेलीविजन सीरीज के एक हिस्से के रूप में प्रसारित झूठे, दुर्भावनापूर्ण तथा मानहानिकारक वीडियो से उत्पन्न क्षति के कारण दायर किया गया है।
बयान के अनुसार, यह सीरीज नशीली दवाओं के खिलाफ कार्य करने वाली प्रवर्तन एजेंसियों का भ्रामक और नकारात्मक चित्रण प्रस्तुत करती है, जिससे कानून प्रवर्तन संस्थानों के प्रति जनता का विश्वास कमजोर होता है। बयान में कहा गया है कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ सीरीज के पहले एपिसोड में समीर वानखेड़े से प्रेरित एक किरदार बॉलीवुड पार्टी के बाहर पहुंचता है और उन लोगों की खोज करता है जो ‘ड्रग्स’ का सेवन कर रहे हैं।


