अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। साथ ही पाकिस्तान के साथ तेल समझौता करने का ऐलान किया। ट्रंप के भारत और पाकिस्तान को लेकर दिए इन बयानों ने विपक्षी सांसदों को नया मुद्दा दे दिया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने 25 फीसदी टैरिफ से बड़ी त्रासदी ट्रंप और पाक सरकार के बीच हो रही बातचीत को करार दिया। उन्होंने मोदी सरकार की विदेश नीति की भी आलोचना की।
गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए गोगोई ने कहा, “पिछले दो दिनों में राष्ट्रपति ट्रंप के बयानों से जो विदेश नीति दिख रही है, वह पूरी तरह विफल रही है। मैं मानता हूं कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल को बदला जाना चाहिए। यही दोनों प्रधानमंत्री को सलाह देते हैं और आज हम इसके नतीजे भुगत रहे हैं।”
ट्रंप का ‘पाक प्रेम’ ज्यादा दुखदायी
गौरव गोगोई ने यह भी दावा किया कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच हुई नई व्यापारिक डील भारत-अमेरिका संबंधों में एक और गिरावट का संकेत है। उन्होंने कहा, “ट्रंप ने कहा है कि वो पाकिस्तान के साथ एक तेल समझौता करेंगे, ताकि भविष्य में भारत पाकिस्तान से तेल खरीदे। ये बयान भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों में नई गिरावट को दर्शाता है।”
ट्रंप ने क्या कहा था
बुधवार रात ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ और अतिरिक्त जुर्माने की घोषणा की। इसके कुछ घंटों बाद उन्होंने पाकिस्तान के साथ एक साझा तेल विकास परियोजना की घोषणा की। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “हमने पाकिस्तान के साथ एक डील की है, जिसके तहत अमेरिका और पाकिस्तान मिलकर वहां के बड़े तेल भंडार को विकसित करेंगे। हो सकता है कि एक दिन पाकिस्तान भारत को तेल बेचे!” ट्रंप ने यह कदम भारत के साथ व्यापार घाटा और रूसी तेल की खरीद को लेकर उठाया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अन्य देशों के साथ टैरिफ कम करने को लेकर चर्चा कर रहा है और जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।


