चैत्र नवरात्रि के तीसरे दिन शनिवार को माता वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण शाम तक करीब 41 हजार श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
भक्तों की इस भारी संख्या को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शाम 4:45 बजे सभी यात्रा पंजीकरण केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इस बीच, देशभर से श्रद्धालुओं का आधार शिविर कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे वहां सुरक्षा और प्रबंधन की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कटड़ा से लेकर भवन तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान हर जगह तैनात हैं। कटड़ा में अभी भी 8 से 10 हजार श्रद्धालु यात्रा शुरू करने का इंतजार कर रहे हैं, जिनसे श्राइन बोर्ड ने धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
बुजुर्गों और बच्चों की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, घोड़ा और पालकी जैसी सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। आद्कुंवारी मार्ग और भवन परिसर में लंबी कतारें देखी गईं, जहां भक्तों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।


