नेपाल के हिमलुंग हिमाल में हिमस्खलन से 4 पर्वतारोहियों की मौत, 12 अब भी लापता

नेपाल के मनांग जिले में स्थित हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप में हुए हिमस्खलन में मरने वाले पर्वतारोहियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सोमवार को दो और पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए। वहीं, 12 लोग अब भी लापता हैं। घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान जारी है।

नेपाल नेशनल माउंटेन गाइड एसोसिएशन (NNMGA) के अनुसार, रविवार को दो पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए थे। सोमवार को बीरेंद्र गुरुंग और घनश्याम राय के शव भी मिले। इससे हादसे में मृतकों की कुल संख्या चार हो गई है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष तुल सिंह गुरुंग के मुताबिक, लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। खराब मौसम के बावजूद बचाव दल अभियान जारी रखने में जुटा है। एसोसिएशन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

बताया गया है कि हिमलुंग हिमाल में रविवार सुबह भारी बर्फबारी के बीच हिमस्खलन हुआ था। मौसम खराब होने के कारण कई पर्वतारोहियों को अपनी चढ़ाई रोककर वापस लौटना पड़ा था। हालांकि, कुछ लोग ऊंचाई वाले क्षेत्र में ही रुके हुए थे, जो इस हादसे की चपेट में आ गए।

इस बीच, नेपाल में लगातार बारिश और बर्फबारी से हालात बिगड़ गए हैं। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण रविवार तक देश में कम से कम 21 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि पांच लोग लापता और पांच अन्य घायल हुए थे। खराब मौसम को देखते हुए नेपाल के पर्यटन विभाग ने पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को फिलहाल अपनी गतिविधियां रोकने की सलाह दी है।

More Topics

चीन से बढ़त बनाए रखने के लिए AI पर कड़े नियमों के खिलाफ ट्रंप, वैश्विक नियंत्रण का किया विरोध

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर...

इसे भी पढ़े