जिले में दो दिवसीय प्रशिक्षण से स्व-सहायता समूह सदस्यों को मिला उत्पादन से विपणन तक का व्यावहारिक ज्ञान
धमतरी। धमतरी जिले के स्व-सहायता समूहों (SHG) को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर PwC संस्था के सहयोग से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन नगर निगम के सामुदायिक भवन में किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों को पारंपरिक उत्पादन से आगे बढ़कर संगठित, ब्रांडेड एवं बाजार-उन्मुख उद्यमों के रूप में विकसित करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित 40 स्व-सहायता समूह सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों को उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता सुधार, मानकीकरण, आकर्षक पैकेजिंग, प्रभावी ब्रांडिंग तथा विपणन रणनीतियों की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान यह समझ विकसित की गई कि गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के साथ-साथ सही प्रस्तुति और बाजार की मांग के अनुरूप रणनीति अपनाने से उत्पादों की बिक्री और मूल्य दोनों में वृद्धि संभव है।


