रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने की तैयारी तेज हो गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि, 21 सितंबर को रायपुर और बिलासपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस अवसर पर ‘युवा मैराथन–नमो युवा दौड़’ का आयोजन किया जाएगा। भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि इस दौड़ का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। यह दौड़ रायपुर के मरीन ड्राइव तालाब से शुरू होकर जयस्तंभ चौक तक निकाली जाएगी।
वहीं बिलासपुर में भी इसका आयोजन किया जाएगा। अनुमान है कि 10,000 से अधिक युवा इसमें हिस्सा लेंगे। छात्र-छात्राओं और युवा संगठनों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
टिकरिहा ने बताया कि यह दौड़ युवाओं को ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। बुधवार को भाजयुमो अध्यक्ष ने ‘नमो युवा दौड़’ का पोस्टर और टी-शर्ट भी लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दौड़ भर नहीं है, बल्कि युवाओं के जोश और देश की ऊर्जा का प्रतीक है। TAGS


