‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’, खेल प्रतिभाओं को तराशने प्रतिबद्ध है सरकार : अरुण साव

रायपुर : ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’, खेल प्रतिभाओं को तराशने प्रतिबद्ध है सरकार : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में संघर्ष और मेहनत करने वाले खिलाड़ी ही सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वही खिलेगा।”

प्रदेशभर से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने चार दिवसीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बिलासपुर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3800 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

अरुण साव ने बताया कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया गया है, वहीं छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर भी मिला है। खेल अलंकरण को पुनः प्रारंभ करने के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी पहल की गई है।

उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को राज्य सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1 करोड़ 74 लाख रुपए की राशि प्रदान की है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे खेल अधोसंरचना के साथ स्पोर्ट्स साइंस को भी मजबूत किया जाएगा।

प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर एवं छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में हुआ। समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए खेल भी जरूरी हैं। वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेलों में होने वाली प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने खिलाड़ियों से परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

समापन समारोह में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

More Topics

लोकधुनों और लोकनृत्यों से सजा ‘लोकरंग पर्व’, भरथरी गाथा ने बांधा समां

छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगायन और लोकनृत्य...

इसे भी पढ़े