FDA की बड़ी कार्रवाई: Lays समेत ब्रांडेड एक्सपायर्ड फूड की रीपैकेजिंग का खुलासा

FDA की बड़ी कार्रवाई: Lays समेत ब्रांडेड एक्सपायर्ड फूड की रीपैकेजिंग का खुलासा

मुंबई/नवी मुंबई। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और नवी मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने एक्सपायर्ड खाद्य उत्पादों की रीपैकेजिंग और उनकी मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी डेट बदलने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में कई नामी ब्रांडों के खाद्य और पेय पदार्थों का स्टॉक जब्त किया गया है।

जांच के दौरान Lay’s, Kurkure, Maggi, Knorr, Rasoi, Hellmann’s, Thums Up और Limca समेत कई ब्रांडों के उत्पाद मिले। आरोप है कि एक्सपायर हो चुके सामान की दोबारा पैकेजिंग कर उसकी तारीखें बदली जाती थीं। पैकेजिंग पर न्यूट्रिशनल जानकारी बदलने के लिए नए स्टिकर भी लगाए जा रहे थे।

FDA और पुलिस ने 24 से 29 अगस्त के बीच ठाणे और नवी मुंबई में कार्रवाई की। इस दौरान मुंबई और दिल्ली की कई ट्रेडिंग एवं एक्सपोर्ट कंपनियों से जुड़े स्टॉक को जब्त किया गया। FDA के मुताबिक, कार्रवाई में 8,442 कार्टन जब्त किए गए, जिनकी घोषित कीमत करीब 75.21 लाख रुपये है। इसके अलावा बिना लेबल वाले और एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद भी बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 30,600 रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के बाद नवी मुंबई के तुर्भे इंडस्ट्रियल एरिया स्थित साधना एंटरप्राइजेज का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। FDA अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भूमिका की जांच कर रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की तारीख बदलकर दोबारा बाजार में भेजना उपभोक्ताओं की सेहत के लिए गंभीर खतरा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

More Topics

इसे भी पढ़े