बीसीसीआई ने IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने को कहा है। इस मामले को जोरशोर से उठाने वाले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले बीसीसीआई का बहुत-बहुत धन्यवाद। 25-26 तारीख को हमने एक बयान दिया था कि किसी भी बांग्लादेशी क्रिकेटर को भारत के IPL में खेलने का अवसर नहीं मिलना चाहिए। पैसा यहां से वहां नहीं जाना चाहिए।’ ठाकुर ने कहा कि इसके पीछे कारण है। बांग्लादेश में मंदिर जलाए जा रहे हैं। बांग्लादेश में हमारे बच्चे जलाए जा रहे हैं। 6-6 साल की बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। यह सब हो रहा है और उस पर कोई नहीं बोल रहा है। अब BCCI को बहुसंख्यक हिंदुओं का दर्द दिखा और उन्होंने यह फैसला लिया तो बहुत-बहुत धन्यवाद।
देवकीनंदन ठाकुर ने कहा, ‘एक और बात है। मीडिया में इतना सब कुछ हो गया। जिस देश ने उनको हीरो बनाया है, उनके बहुसंख्यक लोगों के साथ इतना बड़ा दर्द हो रहा है, मगर मिस्टर केकेआर का अब तक कोई बयान नहीं आया है। तो मिस्टर केकेआर दिखाएंगे बेटा, कि कैसे सनातनी एक-दूसरे के साथ खड़े होकर एक-दूसरे की सहायता कर सकते हैं और खेल भी सकते हैं। हमें किसी की आवश्यकता नहीं है। लेकिन, ये दर्द रहेगा कि मिस्टर केकेआर हम हिंदुओं के साथ नहीं है।’ माना जा रहा है कि देवकीनंदन ठाकुर ने सीधे तौर पर नाम लिए बिना केकेआर के सह मालिक शाहरुख खान के लिए यह बात कही है।


