राशन खत्म होने से नाराज पत्नी ने पति पर हंसिया से किया हमला

बिलासपुर । घर में राशन सामान खतम होने से नाराज महिला ने अपने पति को जमकर पीटा। फिर हंसिया से हमला कर दिया। इससे उसके पति को चोट लगी है। स्वजन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ मारपीट के तहत अपराध दर्ज किया है। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
ग्राम अरईबंद के रहने वाले अनिल यादव खेती किसानी करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि पांच अगस्त की शाम सात बजे वे अपने पर पर थे। उसी समय उसकी पत्नी कुमारी यादव घर पर राशन सामान खत्म होने की बात पर झगड़ा करने लगी। पति अनिल यादव ने विवाद करने से मना किया तो महिला ने परिवार वालों के सामने गाली-गलौज करते हुए हाथ मुक्का से जमकर मारपीट की।
जान से मारने की धमकी देते हुए सब्जी काटने के हंसिया से हमला कर दिया। इससे अनिल के हाथ में चोट लगी है। परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद स्वजन ने घायल अनिल को थाने ले गए। पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
आए दिन विवाद करती है महिला
पीड़ित अनिल यादव ने बताया कि 10 साल पहले उसकी शादी कुमारी यादव से हुई। शादी के कुछ दिनों तक अच्छे से रहे। इसके बाद से कुमारी यादव आए दिन परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज व विवाद करती है। इससे परिवारवाले परेशान रहते हैं। समझाइश देने पर जान से मारने की धमकी देती है।
घर से बाहर जाने से मना करने पर युवक ने पत्नी को पीटा
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला बृज विहार कालोनी के रहने वाली दीक्षा ने सात साल पहले अभिनय यादव के साथ लव मैरीज किया है। तब से दोनों साथ रहते आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से पति अभिनय यादव आए दिन उसके साथ मारपीट कर रहा है। चार अगस्त की रात 10.30 बजे पति अभिनय घर से बाहर जा रहा था। तब उसकी पत्नी दीक्षा ने रात होने के कारण बाहर जाने से मना किया। इसी बात पर अभिनय ने गुस्से में आकर दीक्षा के साथ जमकर मारपीट की।
Add Rating and Comment