बिलासपुर में नेशनल हाईवे भी बदहाल, जल भराव की समस्या पर अफसर बने बेखबर

पूरब टाइम्स बिलासपुर। रतनपुर-बेलतरा के बीच नेशनल हाईवे में वर्षा का पानी भरने की समस्या दूर नहीं की जा सकी है। विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे आने जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क पर पानी भरने के कारण दुर्घटना की आशंका रहती है। सड़क निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने नाली का निर्माण नहीं कराया है। इसके कारण वर्षा होने पर सड़क के बीचों-बीच पानी भर जाता है।
रतनपुर-बेलतरा के नवनिर्मित एनएच के दोनों किनारे नाली नहीं है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण वर्षा के मौसम में आने जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले गर्मी के मौसम में आवागमन करने वाले राहत महसूस करते थे। किसी को ये अंदाजा नहीं था कि वर्षा के मौसम में सड़क पर पानी भर जाएगा। सबसे ज्यादा परेशानी बेलतरा के स्थानीय लोगों को हो रही है। जनपद पंचायत बिल्हा की ग्राम पंचायत बेलतरा में 20 वार्ड हैं और लगभग सात हजार की जनसंख्या है। सड़क के दोनों किनारे सैकड़ों दुकानें संचालित हो रही हैं। लोग रोजाना खरीदी करने आते हैं। एनएच के अधिकारियों ने सड़क किनारे नाली निर्माण में कोई रुचि नहीं दिखाई।
राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 130 व 111 बिलासपुर से कटघोरा मार्ग का निर्माण दो साल से चल रहा है। बिलासपुर से पथरापाली (बगदेवा) तक काम पूरा हो गया है। एनएच के दोनों किनारे पानी भराव की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों ने एनएच के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। लेकिन, नाली का निर्माण नहीं किया गया। बेलतरा बस स्टैंड, बाजार, तहसील कार्यालय व व्यावसायिक परिसर में पानी भरने लगा है। कुछ दिन पहले क्रासिंग के संबंध में बेलतरावासी उग्र होकर विधायक व सांसद से मिले थे। पानी की समस्या के बारे में जानकारी दी गई थी। तब एनएच के अधिकारियों ने जल्द समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया था। लेकिन, अभी तक समस्या बरकरार है। वर्षा होने पर सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे पैदल व वाहन चालकों को आवागमन करने में परेशानी होती है।
Add Rating and Comment