हर बुधवार करें इस मंत्र का जाप, शिक्षा में मिलेगी जबरदस्त सफलता
बीज मंत्र ओम गं गणपतये नमः में अद्भुत शक्ति

बिलासपुर। भगवान गणेश बुद्धि के देवता हैं। उनके दर्शन मात्र से सभी संकट दूर हो जाते हैं। हिंदू धर्म में प्रत्येक शुभ कार्य गणेशजी की पूजा अर्चना से ही शुरू होती है। ज्योतिषियों की मानें तो विद्यार्थियों को हर बुधवार बीज मंत्र ओम गं गणपतये नमः का जाप करना चाहिए। इस मंत्र में अद्भुत शक्ति है। ऐसा करने से शिक्षा में सफलता मिलती है। बच्चों को पढ़ाई में मन लगता है। घर में आने वालीं सभी विघ्न-बाधाएं समाप्त हो जातीं।
ज्योतिषाचार्य पंडित वासुदेव शर्मा का कहना है कि बुधवार गौरीपुत्र भगवान गणेश का दिन है। यह दिन भगवान गणेश को समर्पित होता है। भगवान गणेश सभी देवी-देवताओं में प्रथम आराध्य माने जाते हैं। इस दिन भगवान को प्रसन्न करने मोदक भी चढ़ाना चाहिए। विधि विधान से पूजा करने वाले भक्तों के सभी कष्ट दूर होते हैं। स्वास्थ्य उत्तम बना रहता है। बुद्धि का विकास होता है। भगवान गणेश की पूजा करने के लिए बुधवार के दिन स्नान कर साफ कपड़े पहन लें। आज हरे रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है। इसके बाद पूर्व या उत्तर की तरफ मुख करके बैठकर पूजा शुरू करें।
भगवान गणेश को फूल, धूप, दीप, कपूर, रोली, मौली लाल, चंदन, मोदक आदि का चढ़ाएं। इसके बाद गणेशजी को सूखे सिंदूर का तिलक लगाएं। भगवान गणेश को दूर्वा जरूर चढ़ाएं। इसके बाद गणेशजी की आरती करें और उनके मंत्रों का जाप करें। रतनपुर स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर और बिलासपुर कंस्ट्रक्शन कालोनी स्थित श्री सुमुख गणेश मंदिर में बुधवार को विशेष पूजा अर्चना होती है। यही कारण है कि बुधवार सुबह से भक्त पहुंचने लगे हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज तिवारी के मुताबिक हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार हर वार किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित है। गणेश भक्त बुधवार के दिन भगवान गणेश की विशेष तौर पर आराधना एवं पूजा करते हैं। मान्यता है कि बुधवार के दिन अगर व्रत रखकर भगवान गणेश का विधि-विधान पूर्वक पूजन किया जाए तो व्यक्ति के जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं।
Add Rating and Comment