नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना को नया प्रमुख मिल गया है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का नया चीफ नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले वायुसेना में डिप्टी चीफ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। करीब चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव हासिल किया है।
1986 में फाइटर स्ट्रीम में हुए थे शामिल
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था। उन्हें 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन किया गया था। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने वायुसेना की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें 2006 में वायु सेना मेडल, 2011 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2023 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2026 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।
20 से ज्यादा विमानों पर उड़ान का अनुभव
आशुतोष दीक्षित को विभिन्न प्रकार के लड़ाकू और परिवहन विमानों पर उड़ान भरने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न वेरिएंट, जगुआर, तेजस, हॉक, किरण, एचपीटी-32, एएन-32, एवरो और आईएल-78 जैसे विमानों पर उड़ान भरी है।
वायुसेना में अपने करियर के दौरान वह साउथ वेस्टर्न एयर कमांड में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर और सदर्न एयर कमांड में एयर डिफेंस कमांडर जैसी अहम जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं।
कई महत्वपूर्ण अभियानों में निभाई भूमिका
करीब 3,500 घंटे की उड़ान के साथ एयर मार्शल दीक्षित ने अपने सैन्य करियर में कई महत्वपूर्ण अभियानों और सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लिया है। वह ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े रहे हैं और विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
तेजस और स्वदेशी विमानन को बढ़ावा
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को एलसीए तेजस और स्वदेशी विमानन परियोजनाओं को वायुसेना में आगे बढ़ाने के लिए भी जाना जाता है। उनके नेतृत्व में भारतीय वायुसेना के सामने स्वदेशी रक्षा तकनीक, आधुनिक युद्धक क्षमताओं और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे रहेंगे।