नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में जल्द ही बड़ा फेरबदल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए भाजपा ने अपने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को दोबारा राज्यसभा का टिकट नहीं दिया गया है। दोनों मंत्रियों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। इसके बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बदलाव की संभावना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इस बार किसी भी मौजूदा राज्यसभा सदस्य को दोबारा प्रत्याशी नहीं बनाया है।
हरदीप पुरी और बीएल वर्मा को नहीं मिला टिकट
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनाए जाने को कैबिनेट फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक केंद्र सरकार की ओर से कैबिनेट फेरबदल की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
नए चेहरों को मिल सकती है जगह
राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद मोदी मंत्रिपरिषद में नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना भी बढ़ गई है। इससे पहले भी ऐसे मंत्री रहे हैं, जिन्हें राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद मंत्री पद छोड़ना पड़ा था।
मौजूदा परिस्थितियों में कैबिनेट में नए चेहरों को जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, किन नेताओं को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाएगा और किन मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे, इसे लेकर अभी भाजपा या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।