प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम के दौरे पर जाएंगे। उनका यह दौरा पूर्वोत्तर भारत के विकास को नई रफ्तार देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सुबह करीब 10:30 बजे प्रधानमंत्री डिब्रूगढ़ के मोरान बाईपास पर बने इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएलएफ) पर उतरेंगे। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला आपातकालीन लैंडिंग केंद्र है। यहां वे फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट विमान और हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन देखेंगे।
दोपहर करीब 1 बजे प्रधानमंत्री ब्रह्मपुत्र नदी पर बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का दौरा करेंगे। करीब 3,030 करोड़ रुपए की लागत से बना यह 6-लेन एक्स्ट्राडोज्ड प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (पीएससी) पुल गुवाहाटी को नॉर्थ गुवाहाटी से जोड़ता है। यह पूर्वोत्तर का पहला एक्स्ट्राडोज्ड पुल है और इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर सिर्फ 7 मिनट रह जाएगा।
भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए पुल में फ्रिक्शन पेंडुलम बेयरिंग के साथ बेस आइसोलेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा के लिए हाई-परफॉर्मेंस स्टे केबल लगाए गए हैं। साथ ही ब्रिज हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम (बीएचएमएस) भी जोड़ा गया है, जो रियल-टाइम निगरानी और संभावित क्षति का समय रहते पता लगाने में मदद करेगा।


