कॉमेडी के बादशाह डेविड धवन ने गोविंदा से लेकर करिश्मा कपूर और सलमान खान सहित न जाने कितने ही स्टार्स का करियर संवारा है। कुली नंबर 1, जुड़वां और आंटी नंबर 1 सहित कई सुपरहिट फिल्में देने वाले डेविड धवन की सबसे सफल फिल्मों में से एक ‘मुझसे शादी करोगी’ है। साल 2004 में रिलीज हुई उनकी इस फिल्म में सलमान खान-अक्षय कुमार मुख्य अभिनेता के तौर पर नजर आए। वहीं प्रियंका चोपड़ा फिल्म की फीमेल लीड थी।
साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म के सीक्वल को लेकर पिछले काफी समय से चर्चा चल रही है। फैंस एक बार फिर से सलमान खान को ‘समीर’ और अक्षय कुमार को ‘सनी’ के रूप में देखने के लिए और ‘रानी’ उर्फ प्रियंका चोपड़ा के लिए लड़ते देखने के लिए बेकरार हैं। हालांकि, मेकर्स ‘मुझसे शादी करोगी-2’ में सलमान और अक्षय कुमार को रिप्लेस करके इन दो नए एक्टर्स को लाने की प्लानिंग में हैं।
मुझसे शादी करोगी-2 से सलमान-अक्षय का पत्ता साफ?
हमारी सहयोगी वेबसाइट मिड डे की एक खबर के मुताबिक, साजिद नाडियाडवाला और डेविड धवन ने ‘मुझसे शादी करोगी-2’ पर काम करना शुरू कर दिया है। एक सूत्र ने बताया, “फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला मूल फिल्म का सीक्वल बनाने के लिए बहुत ही उत्सुक हैं, लेकिन एक ट्विस्ट के साथ। मुझसे शादी करोगे के सीक्वल में वह कार्तिक आर्यन और वरुण धवन को लेने का मन बना रहे हैं”।


