रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक का नाम बदलने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से प्रदेश के 38 चौक-चौराहों का नाम बदलकर ‘सेवा संकल्प चौक’ किए जाने की घोषणा के बाद साहू समाज ने इसका विरोध किया है। समाज ने कहा है कि तेलीबांधा चौक की ऐतिहासिक पहचान से किसी भी तरह की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन किया जाएगा।
38 चौक-चौराहों के नाम बदलने की घोषणा
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के 38 चौक-चौराहों के नाम बदलने का ऐलान किया था। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। सरकार के मुताबिक, नए नाम सेवा और समर्पण के संकल्प को दर्शाते हैं।
घोषणा के बाद ही तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर विरोध के स्वर सामने आने लगे हैं।
साहू समाज ने जताई आपत्ति
साहू समाज के पदाधिकारियों ने नाम बदलने के फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि तेलीबांधा चौक सिर्फ एक स्थान का नाम नहीं है, बल्कि यह साहू समाज की ऐतिहासिक पहचान और कारोबार से जुड़ा हुआ है।
समाज ने स्पष्ट किया है कि वह चौक का नाम बदलने के फैसले का विरोध करेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने भी उठाए सवाल
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने भी सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं ने इसे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक नामों और मौलिक पहचान से जोड़ते हुए विरोध दर्ज कराया है।
भूपेश बघेल ने भी किया विरोध
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए तेलीबांधा चौक का नाम बदलने के फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार को विकास के मुद्दों पर काम करना चाहिए, न कि चौक-चौराहों के नाम बदलने में समय खर्च करना चाहिए।
तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर सरकार के फैसले के बाद अब राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।