रायपुर। दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने और ट्रेनों व मेट्रो सेवाओं पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शन से डरी हुई है, इसलिए दिल्ली में ट्रेन, इंटरनेट और मेट्रो सेवाओं को बंद किया जा रहा है।
भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार इतनी डरी हुई है कि ट्रेनों को बंद कर रही है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी पर कथित हमले को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
कांग्रेस आज करेगी विरोध प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी शनिवार को रायपुर के राजीव गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के बैनर तले आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके इस्तीफे से जुड़ी है। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की भी तैयारी है।
झारखंड दौरे पर रहेंगे भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को झारखंड के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए वे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वे झारखंड के रामगढ़ जिले के नेमरा जाएंगे और फिर रांची पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रात करीब 9 बजे उनके रायपुर लौटने की जानकारी दी गई है।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर शाम 6 बजे तक प्रवेश और निकास बंद किया गया है। वहीं, दिल्ली आने-जाने वाली 75 ट्रेनों को रद्द किए जाने की बात कही गई है।
इसके अलावा जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए गए इन कदमों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भूपेश बघेल ने इन प्रतिबंधों को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।