रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी करने जा रही है। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से होंगे। सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाई लेवल बैठक
सीरीज की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय में हाई लेवल बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य और दर्शकों की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन भी किया गया है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, PWD, NRDA और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।
ऑनलाइन बिकेंगे टिकट
दर्शकों की सुविधा के लिए इस बार टिकटों की बिक्री ऑनलाइन की जाएगी। 10 अक्टूबर से टिकट बिक्री शुरू होने की उम्मीद है। स्टेडियम में ई-टिकट की स्कैनिंग के लिए ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी, ताकि नेटवर्क की समस्या न हो।
टिकट खरीदने वाले दर्शकों को पार्किंग पास भी दिया जाएगा। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा खाने-पीने और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी।
सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी मजबूत
मैच के दौरान स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने आसपास के अस्पतालों की मैपिंग कर ली है। आपात स्थिति और वीआईपी मूवमेंट के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की जाएगी।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पानी के टैंकर और इमरजेंसी एग्जिट रूट भी तैयार रहेंगे। बिजली और मोबाइल नेटवर्क से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए अलग टीम तैनात की गई है।
11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी भारतीय टीम
शेड्यूल के मुताबिक भारतीय महिला टीम 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और उसे करीब चार दिन अभ्यास का मौका मिलेगा। जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी।
इस सीरीज में स्मृति मंधाना फुल-टाइम कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की कमान संभालेंगी। शेफाली वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है, जबकि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं। 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, मिन्नू मणि और क्रांति गौड़ समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।