रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण अंचलों की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ने के लिए ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ शुरू किया है। ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्था को पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
राज्य शासन ने इसके लिए ‘चेन्दरू, राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार नियम, 2025’ लागू किए हैं। चयनित विजेता को राज्योत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
होमस्टे और स्थानीय संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
पुरस्कार के जरिए होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, लोककला, लोकसंस्कृति, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और सामुदायिक पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यटकों को गांवों की वास्तविक जीवनशैली और परंपराओं से जोड़ना है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांव संस्कृति, परंपरा और प्रकृति की जीवंत विरासत हैं। सरकार चाहती है कि पर्यटन का लाभ केवल प्रमुख पर्यटन स्थलों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक भी पहुंचे। इससे स्थानीय युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
छह सदस्यीय जूरी करेगी पुरस्कार का चयन
पुरस्कार के लिए प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन छह सदस्यीय निर्णायक मंडल करेगा। इसकी अध्यक्षता छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध निदेशक करेंगे। चयन के दौरान ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्य, उसका प्रभाव, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन तथा संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाएगा।
एक व्यक्ति को यह पुरस्कार जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जा सकेगा।
समाचार पत्रों के जरिए मंगाई जाएंगी प्रविष्टियां
पर्यटन मंडल प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी कर पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित करेगा। आवेदकों को अपनी प्रोफाइल, फोटो, छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी होने का प्रमाण, आधार कार्ड और ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में किए गए कार्यों व उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
राज्योत्सव में होगा सम्मान
चयनित विजेता या संस्था के प्रतिनिधि को राज्योत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विजेता के कार्यों, नवाचारों और उपलब्धियों पर आधारित सचित्र स्मारिका भी जारी की जाएगी।
सरकार का मानना है कि बस्तर और सरगुजा की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, लोककला, हस्तशिल्प, मेले-पर्व, प्राकृतिक स्थल और ग्रामीण जीवनशैली में पर्यटन की बड़ी संभावनाएं हैं। ‘चेन्दरू’ पुरस्कार के जरिए ग्रामीण पर्यटन को रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक संरक्षण और सतत विकास से जोड़ने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।