रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। संयुक्त खाते में जमीन होने पर अब सभी सह-खातेदारों का अलग-अलग पंजीयन कराने की जरूरत नहीं होगी। परिवार के लंबरदार या मुख्य खातेदार का एग्रीस्टैक में पंजीयन ही मान्य होगा और इसी पंजीयन के आधार पर धान की खरीदी की जाएगी।
सह-खातेदारों के अलग-अलग पंजीयन की बाध्यता खत्म
पहले संयुक्त खाते में जमीन होने पर धान बेचने के लिए सभी सह-खातेदारों का अलग-अलग पंजीयन कराना जरूरी था। इससे किसानों को पंजीयन प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ता था और कई बार दस्तावेजों से जुड़ी दिक्कतों के कारण उन्हें बार-बार समितियों और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
नए नियम से अब इस प्रक्रिया को सरल कर दिया गया है। संयुक्त खातेदारों वाले परिवार में सिर्फ लंबरदार या मुख्य खातेदार का पंजीयन कराया जाएगा। उसी पंजीयन के आधार पर संबंधित खाते की धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी होगी।
हजारों किसान परिवारों को मिलेगा फायदा
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों किसान परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन परिवारों को फायदा होगा, जिनकी कृषि भूमि संयुक्त खाते में दर्ज है। पंजीयन की प्रक्रिया आसान होने से किसानों का समय और अनावश्यक भागदौड़ दोनों बचेंगे।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। खरीदी को लेकर खाद्य और सहकारिता विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था, किसानों के पंजीयन और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सरकार की ओर से धान खरीदी को लेकर जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश और अन्य जरूरी गाइडलाइन जारी किए जाने की संभावना है।