छत्तीसगढ़ में 8 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती, 10वीं-12वीं पास युवाओं को भी मौका, आज से रोजगार मेला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजधानी रायपुर में आज 7 अक्टूबर से दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले की शुरुआत हो रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यह मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है।
रोजगार विभाग के मुताबिक मेले के लिए अब तक 62 कंपनियों ने 9,449 रिक्तियों की जानकारी दी है। इनमें से 8 हजार से अधिक पदों पर युवाओं को सीधे रोजगार का अवसर मिलेगा।
10वीं-12वीं से इंजीनियरिंग पास तक युवाओं को मौका
रोजगार मेले में अलग-अलग योग्यता वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। 10वीं, 12वीं पास, ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवा इसमें शामिल हो सकते हैं।
मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में भर्ती की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचकर संबंधित कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
8 अक्टूबर को सीएम साय होंगे शामिल
रोजगार मेले के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ना है। बड़ी संख्या में कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न रोजगार विकल्पों के लिए आवेदन और चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।