रायपुर, नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय के फेस-2 निर्माण की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाएगी। इसके साथ ही परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कन्वेंशन सेंटर का भी निर्माण प्रस्तावित है। आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरटीआई) के सभाकक्ष में आर्किटेक्ट, इंजीनियर, आर्टिस्ट और विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती वर्ष के अवसर पर 1 नवंबर राज्योत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का लोकार्पण किया गया था। इससे पहले मई 2025 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय जीवन शैली और परंपराओं पर आधारित संग्रहालय का उद्घाटन किया था। इन संग्रहालयों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अब फेस-2 के निर्माण को गति दी जा रही है।
बैठक में संग्रहालय परिसर में कैफेटेरिया, गढ़ कलेवा तथा अन्य दुकानों की स्थापना पर भी चर्चा की गई। साथ ही आकर्षक बागवानी, परिसर में स्थित नंद सागर के सौंदर्यीकरण, फाउंटेन और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था पर विस्तार से विचार किया गया।
टीआरटीआई परिसर में नवनिर्मित छात्रावास के समीप निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर की डिजाइन एवं लेआउट पर भी विस्तृत चर्चा हुई। आवश्यक संशोधनों के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर में ऑडिटोरियम, आर्ट गैलरी, प्रदर्शनी हॉल, मीटिंग रूम, प्रशासनिक भवन और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बैठक में टीआरटीआई की संचालक हिना अनिमेष नेताम, उपसचिव बी.के. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, जितेन्द्र गुप्ता, आर.एस. भोई, उपायुक्त विश्वनाथ रेड्डी, कार्यपालन यंत्री त्रिदीप चक्रवर्ती, उपयंत्री गुप्ता एवं यशवंत राव सहित आर्किटेक्ट, इंजीनियर, आर्टिस्ट और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


