रायपुर। छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में राज्य को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इनमें ₹41,750 करोड़ का निवेश AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के लिए प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर राज्य ने इस फोरम में भाग लिया।
100 मेगावाट का AI डेटा सेंटर कैंपस
सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। मुख्यमंत्री साय ने कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा।
कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।
कंपनी के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और सरकारी सहयोग उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत में बड़े AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के विकास के साथ स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की दिशा में भी काम करेगी।
सोलर और बैटरी स्टोरेज में ₹1,500 करोड़ का प्रस्ताव
राज्य को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सोलर सेक्टर, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव भी मिले हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों और निवेश संभावनाओं के प्रति कंपनियों के भरोसे को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे।
18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
फोरम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में मुख्यमंत्री साय ने राज्य में किए जा रहे सुधारों और औद्योगिक नीतियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 450 से अधिक सुधार किए गए हैं और सुधारों की प्रक्रिया लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री के अनुसार इन्हीं सुधारों और औद्योगिक नीति के चलते पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव राज्य को प्राप्त हुए हैं।
सिंगापुर की मंत्री समेत वैश्विक कंपनियों की भागीदारी
सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग फोरम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले समेत कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने फोरम से इतर एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ बैठकें कीं। इनमें औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण के अवसरों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर 2026 को CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।