ईरान में शादी समारोह से पहले तबाही, अमेरिकी हमले में 5 की मौत और 60 से अधिक घायल

ईरान: दक्षिणी ईरान के तटीय शहर कुहेस्ताक में शादी का जश्न शुरू होने से पहले ही पूरा इलाका धमाकों से दहल उठा। ईरानी मीडिया और मानवाधिकार संगठनों के अनुसार, मिसाइल और ड्रोन हमले में एक बच्चे समेत कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय निवासी सुलेमान ज़कीरी फ़र्द के मुताबिक, हमले के बाद इलाके में धूल और धुआं फैल गया था। लोग चीखते हुए बाहर निकल रहे थे और कई घायलों के चेहरों पर खून लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि शादी समारोह शुरू होने से कुछ समय पहले दो ड्रोन हमले हुए। इससे पहले पास के एक टेलीकम्युनिकेशन टावर पर मिसाइल हमला किया गया था।

शादी समारोह में जुटे थे महिलाएं और बच्चे

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, शादी समारोह के लिए महिलाएं और बच्चे एक पारिवारिक परिसर में जमा हुए थे। हालांकि, दूल्हा-दुल्हन अभी वहां नहीं पहुंचे थे। हमले के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय विक्रेता सासन ज़ारेई ने बताया कि घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। उनके अनुसार, मलबे के नीचे से लोगों और सामान को निकाला गया और घायलों में बड़ी संख्या बच्चों की थी। घटनास्थल के आसपास बच्चों के जूते भी बिखरे मिले।

हथियार विशेषज्ञों ने अमेरिकी हथियार होने की जताई संभावना

अमेरिका ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, रॉयटर्स द्वारा घटनास्थल की तस्वीरों और वीडियो के विश्लेषण के अनुसार, धमाका संभवतः किसी दूसरे लक्ष्य से टकराने के बाद नहीं हुआ, बल्कि सीधे अमेरिकी हथियार के गिरने से हुआ हो सकता है।

रॉयटर्स ने घटनास्थल की सामग्री का चार सैन्य हथियार विशेषज्ञों से विश्लेषण कराया। इनमें से तीन विशेषज्ञों ने हथियार के अमेरिकी होने की संभावना जताई, जबकि एक विशेषज्ञ ने कहा कि यह हथियार अपने निर्धारित लक्ष्य से चूक गया हो सकता है।

बताया गया है कि शादी समारोह का स्थान उस टेलीकम्युनिकेशन टावर से करीब 135 मीटर दूर था, जिसे अमेरिकी ऑपरेशन में निशाना बनाया गया था। होर्मोज़गन प्रांत के मुख्य न्यायाधीश ने भी WANA को बताया कि घटनास्थल से मिले टुकड़े अमेरिकी सेना के थे।

अमेरिका ने कहा- घटना की जांच जारी

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि वाशिंगटन उन रिपोर्टों की जांच कर रहा है, जिनमें अमेरिकी हमले से शादी समारोह प्रभावित होने की बात कही गई है। वेंस ने कहा कि अमेरिका इस मामले की पूरी तरह जांच कर रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने भी बताया कि सेना शादी समारोह पर हुए हमले की खबरों की जांच कर रही है।

अमेरिकी सेना के अनुसार, दक्षिणी ईरान में उसके अभियान के दौरान एयर डिफेंस सिस्टम, रडार इंस्टॉलेशन, समुद्री संपत्तियों और कम्युनिकेशन साइटों को निशाना बनाया गया था। इस घटना के बाद नागरिकों पर संघर्ष के प्रभाव को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।

होर्मुज के करीब बसा है कुहेस्ताक

कुहेस्ताक दक्षिणी ईरान के तट पर स्थित एक शहर है और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के करीब है। यह हमला अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बीच हुआ है।

हमले के बाद कुहेस्ताक में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़कों पर मलबा बिखरा दिखाई दिया। जिस स्थान पर परिवार शादी के लिए जुटे थे, वही जगह हमले के बाद तबाही के मंजर में बदल गई।

इस घटना ने फरवरी में कुहेस्ताक से करीब 30 किलोमीटर दूर मिनाब में हुए एक अन्य हमले की याद भी ताजा कर दी है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, उस हमले में एक प्राथमिक स्कूल तबाह हुआ था और 175 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।https://pratikshacg.com/

More Topics

केरल में दर्दनाक सड़क हादसा: NH-66 पर लॉरी से टकराई कार, 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत

त्रिशूर: केरल के त्रिशूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (NH-66)...

देवभोग बना गुणवत्ता और विश्वास का प्रतीक: मंत्री रामविचार नेताम

पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने दुर्ग जिले के...

धमतरी में भारी बारिश से उफान पर नदियां, गंगरेल बांध के 3 गेट खुले

धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के...

इसे भी पढ़े