दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओमान में उसके कथित कट्टरपंथी विचारों को लेकर पहले ही सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आ चुकी थीं और उसे उड़ान ड्यूटी से हटाया गया था। इसके बावजूद वह बाद में फ्लाईदुबई में शामिल हुआ और यात्री विमानों में उड़ान भरने लगा।
जेडी वेंस ने उठाए विमानन सुरक्षा पर सवाल
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सवाल उठाया है कि जब किसी व्यक्ति को पहले ही उड़ान के लिए जोखिम माना गया था, तो वह दोबारा यात्री विमान के कॉकपिट तक कैसे पहुंच गया। वेंस ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन भी अपनी विमानन सुरक्षा प्रक्रियाओं की समीक्षा कर रहा है, ताकि स्पष्ट सुरक्षा जोखिम वाले व्यक्ति विमान उड़ाने की स्थिति में न पहुंचें।
ओमान में पहले भी उठी थी सुरक्षा संबंधी चिंता
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ओमानी अधिकारियों ने अल-हम्मामी की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच की थी। उसके कथित कट्टरपंथी विचारों को लेकर उसे ओमान एयर में उड़ान भरने के लिए अनुपयुक्त माना गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, उसे उड़ान से हटाकर डेस्क जॉब दी गई और कथित तौर पर डी-रेडिकलाइजेशन कार्यक्रम से भी गुजरना पड़ा।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि ओमान ने अपनी चिंताओं की जानकारी अन्य अधिकारियों या एयरलाइनों को नहीं दी। फरवरी 2026 में फ्लाईदुबई ने उसे नौकरी पर रखा, लेकिन कथित तौर पर उसके पिछले रोजगार को लेकर ओमान से विस्तृत जानकारी नहीं मांगी गई।
फ्लाइट FZ1073 में क्या हुआ था?
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही बोइंग 737 मैक्स 8 फ्लाइट FZ1073 में कथित तौर पर अल-हम्मामी ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया। हमले के दौरान कॉकपिट की इमरजेंसी क्रैश कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा और करीब 30 सेकंड में 16,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई खो बैठा।
हमले में कैप्टन मच्छार घायल हो गए, लेकिन उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी फ्लाईदुबई पायलटों ने बाद में कॉकपिट संभाला और विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा।
ईरान कनेक्शन पर अभी ठोस सबूत नहीं
फ्लाईदुबई घटना में ईरान की संभावित भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं। हालांकि, जेडी वेंस ने कहा है कि उन्हें फिलहाल ईरान से इस घटना को जोड़ने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला है और जांच जारी है।
घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा और पायलटों की बैकग्राउंड जांच को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पहले से सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बावजूद अल-हम्मामी को यात्री विमान उड़ाने की अनुमति कैसे मिली।