रायपुर , छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जो सबसे पहला वादा महिलाओं से किया था, उसे निभाते हुए “महतारी वंदन योजना” की शुरुआत की गई। इस योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को हर माह 1000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
अब एक बार फिर सरकार इस योजना का लाभ और महिलाओं तक पहुंचाने की तैयारी में है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ऐलान किया है कि जल्द ही महतारी वंदन योजना का पोर्टल फिर से खोला जाएगा, जिसके ज़रिए नई महिलाएं भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी।
मीडिया से बात करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि
“राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम है। जो महिलाएं अभी तक आवेदन नहीं कर पाई हैं, उन्हें अब फिर से मौका मिलेगा।”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी हाल ही में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम माथमौर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ग्रामीण चौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि
“नई बहुओं और पात्र महिलाओं को भी जल्द इस योजना का लाभ मिलेगा।”
साथ ही, ग्राम सरपंचों को पीएम आवास योजना के तहत पात्र परिवारों की सूची तैयार कर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
क्या है महतारी वंदन योजना?
- प्रदेश की महिलाओं को हर माह 1000 रुपए की सहायता
- लगभग 70 लाख महिलाएं पहले से लाभान्वित
- महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
नोट: जैसे ही पोर्टल शुरू होता है, पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। ज्यादा जानकारी के लिए नजदीकी आंगनबाड़ी या सरकारी केंद्र से संपर्क करें।