मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों की शुरुआत प्रभावी रूप से हुई है। इस पहल के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
इसी क्रम में बलरामपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत महाराजगंज से जिले के प्रथम शिविर का शुभारंभ हुआ, जिसमें आसपास की कई पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में पंजीयन काउंटर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया गया, जिससे लोगों को मौके पर ही राहत मिली।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान हितग्राहियों को आवास प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें रक्तचाप, शुगर जांच सहित विभिन्न बीमारियों की प्राथमिक जांच कर दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।


