रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास को उनके आगामी माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अप्रैल को अमिता विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ काठमांडू के लिए रवाना होंगी। यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि की यात्रा नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास की ऊंची उड़ान है।
उन्होंने कहा कि अमिता का यह अभियान इस बात का प्रमाण है कि यदि संकल्प अटल हो तो कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं रहती। प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नए मानक स्थापित कर रही हैं और छत्तीसगढ़ को नई पहचान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता ने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर अपनी क्षमता और दृढ़ता का परिचय दिया था। उनका यह सतत प्रयास प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि अमिता अपने साहसिक अभियान में सफलता प्राप्त कर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराएंगी और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश का गौरव बढ़ाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


